logo

ट्रस्ट ने मनाई भानु प्रताप कुम्हार की पुण्यतिथि, वंचितों के लिए चिकित्सा शिविर का आयोजन

ट्रस्ट ने मनाई भानु प्रताप कुम्हार की पुण्यतिथि, वंचितों के लिए चिकित्सा शिविर का आयोजन

धनबाद 

गोविंदपुर, बाबूडीह में भानु प्रताप कुम्हार की तीसरी पुण्यतिथि मनाई गयी। यह आयोजन भानु प्रताप फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से किया गया। इसमें भानुप्रताप यादव के परिजनों और समाज के गणमान्य लोगों ने शिरकत की। मौके पर लोगों की मदद के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाई। वहीं, पुण्यतिथि के अवसर पर हुए समारोह में धनबाद के सासंद पशुपतिनाथ सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। सभा को संबोधितत करते हुए सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा, एक इतिहास किताबों में होता है जिसे हमलोग पढ़ते हैं। एक इतिहास भविष्य के गर्भ में होता है जिसके पन्ने लिखे जाते हैं। भानु प्रताप फाउंडेशन ट्रस्ट भविष्य का इतिहास लिख रहा है। वहीं, बीजेपी के नेता ज्ञानरंजन ने कहा कि पिता के प्रति ऐसे समर्पित संतान समाज में दुर्लभ होते हैं। उन्होंने भानुप्रताप के पुत्र आनंद प्रसाद तथा मोहन चंद्र कुम्हार के इस आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आयोजक तथा ट्रस्टी मोहन चंद्र कुंभकार ने कहा कि भानुप्रताप फाउंडेशन ट्रस्ट जनता के कल्याणार्थ बनाया गया है। इस ट्रस्ट के लिए जनहित व राष्ट्रहित सर्वोपरि है। 

मौके पर हुआ निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन  
पुण्यतिथि के अवसर पर लगाये गये शिविर में कई तरह के चिकित्सकों ने लोगों की जांच की और उनको यथा संभव दवा भी दी गयी। शिविर में दंत चिकित्सक, नेत्र चिकित्सक, होमियोपैथी, आयुर्वेदिक  न्यूरोकेयर थेरपी आदि से संबंधित चिकित्सकों ने लोगों का इलाज किया। चिकित्सका शिविर में दूर-दराज से आये लगभग चार हजार लोगों का निशुल्क इलाज किया गया। इसी के साथ शिविर में रक्तदान के लिए भी लोगों को प्रोत्साहित किया गया। लोगों ने स्वैच्छिक रूप से 24 यूनिट रक्तदान किया। इसकी सराहना अलग से हो रही है। 

कार्यक्रम में ये लोग थे उपस्थित 
कार्यक्रम में बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो ऊर्फ बाटुल महतो,  बीजेपी कार्यसमिति सदस्य धर्मजीत सिंह, जेएमएम के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धरणीधर मंडल, प्रजापति महासंघ माटी कला बोर्ड के सदस्य ईश्वर प्रजापति, बीजेपी जिला अध्यक्ष ग्रामीण ज्ञानरंजन सिन्हा, बीजेपी नेता मन्नू तिवारी आदि उपस्थित थे। विक्रम कुमार सौरभ, अभियंता कोल इंडिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया।